अतिक्रमण और नो-पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई, एक लाख रुपये जुर्माना

देहरादून। त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नगर कोतवाली पुलिस ने डिस्पेंसरी रोड, तहसील चौक और पलटन बाजार में अभियान चलाया। इस दौरान नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 50 वाहन चालकों के चालान किए गए।
वहीं, दुकानों के बाहर और सार्वजनिक मार्गों पर सामान रखकर आवागमन बाधित करने वाले 10 दुकानदारों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए अभियान का उद्देश्य मुख्य मार्गों और बाजारों में यातायात का दबाव कम करना तथा अस्थायी अतिक्रमण हटाना है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
