अल्ट्रा पुअर योजना से बदली सोनम देवी की जिंदगी, मुर्गी पालन से बनीं आत्मनिर्भर


रुद्रप्रयाग। ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत संचालित ’’अल्ट्रा पुअर कार्यक्रम’’ जनपद रुद्रप्रयाग में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बदलाव की नई मिसाल बन रहा है। जखोली विकासखंड के ग्राम चौरा निवासी ’’सोनम देवी’’ ने इस योजना का लाभ लेकर आर्थिक तंगी से उबरते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
आर्थिक अभाव से जूझ रहे परिवार का चयन ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण के बाद योजना के लिए किया गया। इसके तहत सोनम देवी को ’’35 हजार रुपये की सहायता राशि’’ और आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू किया, जिससे उन्हें नियमित आय मिलने लगी। आज वे न केवल परिवार की आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर रही हैं, बल्कि बचत भी कर रही हैं। सोनम देवी का कहना है कि समय पर मिला आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन उनके जीवन में नई उम्मीद लेकर आया। उनकी सफलता गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। उन्होंने साबित किया है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
अल्ट्रा पुअर कार्यक्रम का उद्देश्य अत्यंत गरीब एवं वंचित परिवारों को आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़कर उन्हें गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकालना और सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और स्थायी रोजगार सृजन की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!