मशरूम की खेती से ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर: कुलपति

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय मशरूम खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन अनुसंधान, नवाचार, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण उद्यमिता पर चर्चा हुई। कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में अपनाने और इसका लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मशरूम उत्पादों पर आधारित पाक-विधि पुस्तिका ‘मशरूम उत्पाद रू घर की रसोई से छोटे उद्योग तक’ का भी उल्लेख किया गया। विशेषज्ञों ने मशरूम उत्पादन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन संसाधनों के उपयोग पर विचार रखे। साथ ही मशरूम से मिठाई, कुकीज, बर्फी और सूप पाउडर जैसे उत्पाद तैयार कर उनकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन के माध्यम से लघु उद्यम विकसित करने की संभावनाएं बताईं। विशिष्ट अतिथि प्रो. मोहन सिंह पंवार ने ग्रामीण विकास में सामुदायिक सहभागिता और व्यावहारिक प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम संयोजक एवं ग्रामीण प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष प्रो. आरएस नेगी ने बताया कि विभाग अब तक 400 से 500 लोगों को मशरूम उत्पादन और कृषि उद्यमिता का प्रशिक्षण दे चुका है। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, सतत कृषि और ग्रामीण आजीविका पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!