चमोली में ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू, तीन वाहन रवाना

चमोली। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया और ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जनपद में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से तीन ईवीएम-वीवीपैट प्रशिक्षण एवं जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि कर्णप्रयाग, बदरीनाथ और थराली विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग वाहन संचालित किए जाएंगे। ये वाहन निर्वाचन की घोषणा होने तक गांव-गांव पहुंचकर मतदाताओं को मशीनों से मतदान का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही वीवीपैट में दिखाई देने वाली पर्ची के माध्यम से मत सत्यापन की प्रक्रिया समझाएंगे और शंकाओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं में मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ाना है, ताकि वे स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस दौरान एडीएम नारायण सिंह नबियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!