चलाया यातायात जागरूकता अभियान, हेलमेट पहनने की अपील
देहरादून। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दून पुलिस ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। 18 नवंबर को पुलिस टीमों ने सेंट ज्यूड स्कूल और उत्तरांचल विश्वविद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर छात्र-छात्राओं और आमजन को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया।
पुलिस ने बताया कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी बीआईएस प्रमाणित हेलमेट पहनना अनिवार्य है। लोगों को हेलमेट के महत्व और सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटों से बचाव की जानकारी दी गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
