रोजगार मेले में 1,429 युवाओं ने किया प्रतिभाग, सैकड़ों को मिला रोजगार
श्रीनगर गढ़वाल। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 1,429 युवाओं ने प्रतिभाग किया। मेले में देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। चयनित अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर मिलने पर उनके चेहरे खिल उठे।
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से मेले में प्रतिभाग करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सीधे उद्योगों से जुड़ने और अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने युवाओं को चयन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने और तकनीकी दक्षता व व्यावहारिक ज्ञान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान और कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार लिए।
मेले के प्रभारी उप निदेशक एसके वर्मा और राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने अतिथियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन अनिल शाह ने किया। इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश पांडेय, सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. राजेश उपाध्याय सहित विभागीय अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
