चार स्कूल बसों के चालान, सुरक्षा मानकों में मिलीं कमियां
रुद्रप्रयाग। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान के तहत अगस्त्यमुनि और गुप्तकाशी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने चार स्कूल बसों के चालान किए। निरीक्षण में बसों में प्राथमिक उपचार पेटी, आवश्यक लाइटों और सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की कमियां मिलीं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह के नेतृत्व में टीम ने चार विद्यालयों के वाहनों की जांच की। संबंधित विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। अभियान 22 नवंबर तक जारी रहेगा।

स्कूली वाहनों की जांच, 15 के चालान और एक सीज
कोटद्वार। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 16 से 22 नवंबर तक चलाए गए विशेष जांच अभियान में 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि फिटनेस समाप्त होने पर एक वाहन सीज किया गया। जांच में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस और एसएलडी उपकरणों का अभाव, बीमा प्रमाणपत्रों में कमी तथा खराब सीटें जैसी खामियां मिलीं। सीज वाहन में सवार बच्चों को सुरक्षित दूसरी बस में बैठाया गया। अभियान में न्यायाधीश प्रज्ञा तिवारी, एआरटीओ अमित कुमार, सीओ अस्मिता ममगाईं और आरआई विकास कुमार शामिल रहे।
