एंटीबायोटिक का दुरुपयोग वैश्विक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को वीसीएसजी राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान श्रीनगर में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सेंटिनल निगरानी केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग से बढ़ रहे रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) पर चिंता जताई। इस वर्ष की थीम ‘एक स्वास्थ्य एक कदम रू एएमआर की रोकथाम आज ही करें’ रही।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध पूरी दुनिया की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। वर्ष 2021 में दवा प्रतिरोधी जीवाणु संक्रमणों के कारण दुनियाभर में 10 लाख से अधिक लोगों की प्रत्यक्ष मृत्यु हुई, जबकि लगभग 50 लाख मौतों में इनकी भूमिका रही। भारत में भी करीब 2.67 लाख लोगों की मृत्यु सीधे दवा प्रतिरोध के कारण हुई। उन्होंने कहा कि कई मरीजों पर सामान्य एंटीबायोटिक दवाएं असर नहीं कर रही हैं।
डॉ. रावत ने मानव, पशु और पर्यावरण स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जुड़ा बताते हुए ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने चिकित्सकों से एंटीबायोटिक देने से पहले आवश्यक जांच और कल्चर परीक्षण कराने तथा मरीजों को निर्धारित खुराक और अवधि तक ही दवा लेने की सलाह देने को कहा। आमजन से बिना चिकित्सकीय परामर्श एंटीबायोटिक नहीं लेने और बची हुई दवाएं दूसरों को नहीं देने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. विवेक द्विवेदी ने एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग पर व्याख्यान दिया। इसके बाद बेस चिकित्सालय की वार्षिक एंटीबायोग्राम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। ‘रोगाणुरोधी प्रतिरोध रू एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण’ विषय पर परिचर्चा भी हुई, जिसका संचालन डॉ. विनिता रावत ने किया। इसमें चिकित्सा, पशु चिकित्सा, वानिकी और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
