महिला सुरक्षा हेल्पलाइन का क्षेत्राधिकारी ने किया त्रैमासिक निरीक्षण
टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में बुधवार को क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, लंबित शिकायतों और महिला अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सहायता का भी जायजा लिया।
निरीक्षण में व्यवस्थाएं और अभिलेख संतोषजनक पाए गए। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक बलात्कार और पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज अभियोगों का दो माह में निस्तारण करने के मामले में 100 प्रतिशत अनुपालन रहा है। हेल्पलाइन को प्राप्त शिकायतों का काउंसलिंग के माध्यम से समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। महिला आयोग से मिले प्रार्थना पत्रों पर भी निर्धारित समय में कार्रवाई की गई है। क्षेत्राधिकारी ने कर्मियों को शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने, पीड़िताओं को काउंसलिंग एवं विधिक सहायता देने और लंबित मामलों का नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए।
