टिहरी झील के आसपास पर्यटन विकास के लिए तैयार होगा मास्टर प्लान
टिहरी। टिहरी झील और उससे जुड़े क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को सुनियोजित ढंग से विकसित करने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल मास्टर प्लान तैयार कराएंगी। बुधवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि टिहरी झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मास्टर प्लान में पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग को शामिल किया जाएगा। उन्होंने राजस्व विभाग, टीएचडीसी, पर्यटन विभाग और अन्य संबंधित विभागों को झील से जुड़े क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि का संयुक्त सर्वेक्षण एवं सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि का खसरेवार विवरण जुटाने और पुराने राजस्व अभिलेखों की जांच करने को कहा, ताकि भूमि के स्वामित्व और वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। उन्होंने भूमि की श्रेणीवार जानकारी तैयार कर सटीक विवरण शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में टीएचडीसी के महाप्रबंधक विजय सहगल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा, अधिशासी अभियंता पुनर्वास शक्ति प्रसाद चमोली और तहसीलदार धीरज राणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
