स्कूल बसों का निरीक्षण कर की सुरक्षा मानकों की जांच
पौड़ी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से स्कूल बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बसों के पंजीकरण, फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्रों के साथ चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की गई। अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता भी परखी गई। विद्यालय प्रबंधन और चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार बच्चों को बैठाने, गति सीमा का पालन करने तथा ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग से बचने के निर्देश दिए गए। बच्चों को बस में चढ़ाते और उतारते समय विशेष सावधानी बरतने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण में आरटीओ विमल पाण्डेय, एआरटीओ मंगल सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

स्कूली वाहनों की सुरक्षा जांची, चालकों को दिए निर्देश
पौड़ी। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस ने जनपद में स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास, बैठने की क्षमता और वाहनों की तकनीकी स्थिति जांची गई। चालकों एवं परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।
