पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट में शामिल दो और आरोपी गिरफ्तार
 
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस ने दो और आरोपियों को गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से ही गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम के 82 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी पुत्र धज्जा राम निवासी हरिपुर कलां, मोतीचूर, देहरादून अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविन्दर के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 859/26 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 310(2) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 नवंबर को सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को 1.50 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल उर्फ सल्लू को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर 10 नवंबर को सिद्धांत बडोनी (24) पुत्र भारतभूषण निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, पटेलनगर और दीपक सिंह शेखावत (25) पुत्र बिहार सिंह निवासी एमडीडीए कॉलोनी, लक्ष्मण चौक को गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया गया। सिद्धांत के कब्जे से 40 हजार और दीपक से 42 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े सभी तथ्यों और पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!