संप्रेक्षण केंद्र की बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा, विद्यालयों में कराया दाखिला
 
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार के सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल रंग ला रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर सभी बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। अब वे नियमित रूप से पढ़ाई कर रही हैं और अपने भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
गत 18 अक्टूबर को केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को जानकारी मिली थी कि यहां रह रही बालिकाएं विद्यालय नहीं जाती हैं। इस पर उन्होंने जिला परिवीक्षा अधिकारी को तत्काल उनका दाखिला सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। अब स्कूली शिक्षा के साथ बालिकाओं को योग, पेंटिंग और क्राफ्टिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट ने बताया कि बालिकाएं इन गतिविधियों में रुचि लेकर प्रतिभाग कर रही हैं। शिक्षा के साथ हुनर विकसित करने से उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। बालिकाओं ने बताया कि वे मन लगाकर पढ़ाई कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं। कोई सरकारी नौकरी तो कोई देश और समाज की सेवा करने का सपना देख रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों को भी शिक्षा और विकास के समान अवसर मिलना जरूरी है। उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के साथ अन्य वंचित बच्चों को भी शिक्षा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!