खच्चरों की लीद और पीरूल से तैयार हो रहा पर्यावरण अनुकूल ईंधन
 
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चरों की लीद के निस्तारण की चुनौती से निपटने के लिए सोनप्रयाग में खच्चरों की लीद और पीरूल से फायर पेलेट बनाने की इकाई स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की पहल पर शुरू की गई इस परियोजना का जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
इकाई अभी बड़े पैमाने पर उत्पादन करने में सक्षम नहीं है, लेकिन शुरुआती परिणाम बेहतर हैं। यहां तैयार पेलेट से केदारनाथ धाम में हॉट वॉटर जनरेटर के माध्यम से श्रद्धालुओं को 24 घंटे निःशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इन बायोमास पेलेट का उपयोग हॉट वॉटर बॉयलर और ढाबों के फायर स्टोव में भी किया जाएगा। इससे गैस और डीजल की खपत कम होगी।
परियोजना की स्थापना पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, पशुपालन और वन विभाग के सहयोग से एनजीओ हाईफीड ने की है। संस्था के निदेशक उदित घिल्डियाल ने बताया कि जल्द ही लिंचोली और गौरीकुंड में भी हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से खच्चरों की लीद के उचित निस्तारण के साथ पीरूल का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!