जौनसार-बावर की बेटी आकृति तोमर बनीं सिविल जज, क्षेत्र का बढ़ाया मान
 
देहरादून/विकासनगर। जौनसार-बावर की प्रतिभाशाली बेटी आकृति तोमर ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2023 में सफलता हासिल कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ तैयारी और बिना कोचिंग स्वाध्याय के दम पर मिली यह सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
आकृति ने वर्ष 2016 में सेंट मैरी स्कूल, हरिद्वार से स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद वर्ष 2021 में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के लॉ कॉलेज, देहरादून से बीए एलएलबी की डिग्री हासिल की। इसी वर्ष उन्होंने पहले प्रयास में सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) की परीक्षा उत्तीर्ण की और सरकारी सेवा में आईं। वर्तमान में वह कोटद्वार में सहायक अभियोजन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
सरकारी सेवा में रहते हुए भी आकृति ने न्यायिक सेवा में जाने का लक्ष्य नहीं छोड़ा। नौकरी की व्यस्तताओं के बीच उन्होंने नियमित अध्ययन के लिए समय निकाला और पुस्तकों एवं स्वाध्याय के माध्यम से तैयारी जारी रखी। वर्ष 2024 में उन्होंने न्यायिक सेवा परीक्षा का साक्षात्कार भी दिया, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने अपनी कमियों को दूर करते हुए नए आत्मविश्वास के साथ प्रयास किया और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
आकृति की सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। अनुशासन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उनकी उपलब्धि ने साबित किया है कि नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ भी दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
आकृति के पिता श्याम सिंह तोमर हरिद्वार में संयुक्त निदेशक अभियोजन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता अनीता तोमर गृहिणी हैं। परिवार से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के साथ आकृति ने अपनी मेहनत को सफलता में बदला। उनकी उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!