नशे में वाहन चलाने वाले चार चालक पकड़े, वाहन सीज
पौड़ी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने 3 नवंबर को जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चार चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें कोटद्वार के तीन और पौड़ी का एक चालक शामिल है। पुलिस ने चारों के वाहन सीज कर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की।
इसके अलावा कोटद्वार में नाबालिग के दोपहिया वाहन चलाने पर वाहन सीज किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 90 वाहन चालकों के चालान भी किए गए। पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
