बैडमिंटन प्रतियोगिता में 60 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पौड़ी। राज्य स्थापना दिवस के पूर्व अवसर पर जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-19 आयु वर्ग के 60 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
अंडर-13 बालिका वर्ग में अन्वी फरस्वाण और बालक वर्ग में आर्यन रावत प्रथम रहे। अंडर-15 में वंशिका और सत्यम दास ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में हर्षिता सती और बालक वर्ग में दक्ष चमोली विजेता बने। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
