बिरही में गौचर भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर जिलाधिकारी सख्त
चमोली। बिरही में गौचर भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण स्थल पर कोई व्यक्ति कार्य करता नहीं मिला। जिलाधिकारी ने तत्काल भवन को सील करने और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी चमोली को मामले में मुकदमा दर्ज कराने तथा विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
