अधिकारी की बिगड़ी तबीयत, कंधों पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल
चमोली। हेलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लौट रहे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो के अधिकारी की दुर्गम रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें कंधों पर उठाकर सुरक्षित पांडुकेश्वर पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की रात करीब सात बजे 112 के माध्यम से गोपेश्वर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पांडुकेश्वर के रास्ते दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने गए दल का एक सदस्य बीमार होने के कारण चलने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही गोविंदघाट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बीमार अधिकारी की पहचान दिनेश डांगी के रूप में हुई। जवानों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। फिलहाल उनका स्वास्थ्य सामान्य है।
