40 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित, दो माह में 100 करोड़ का लक्ष्य
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों और युवाओं को अब तक 40 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किया है। अगले दो माह में 100 करोड़ रुपये के लक्ष्य को पूरा करने के लिए बैंक ने अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष शारदा राणा ने विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण, एनपीए वसूली, सरकारी योजनाओं और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई। ऋण वितरण और वसूली की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर अध्यक्ष ने असंतोष जताया। उन्होंने 25 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले अधिकारियों को चेतावनी जारी करने तथा 10 प्रतिशत से कम ऋण वसूली वाली शाखाओं के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऋण वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शारदा राणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों तक बैंक की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आगामी माह प्रत्येक विकासखंड में ऋण वितरण मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बैंकिंग कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही, नियमित निरीक्षण, केवाईसी, आधार एवं मोबाइल सीडिंग, ऑडिट और खातों के मिलान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, जिला सहायक निबंधक, सचिव एवं महाप्रबंधक मुकेश माहेश्वरी, डीडीएम नाबार्ड पारित गुप्ता सहित शाखा प्रबंधक और समिति सचिव मौजूद रहे।
