हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर शंकराचार्य ने जताया शोक
देहरादून/वाराणसी। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बदरीनाथ धाम से लौट रहे कर्नाटक के छह श्रद्धालुओं की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
शंकराचार्य ने बदरीनाथ धाम की पवित्रता और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने पर जोर देते हुए धाम क्षेत्र में डीजे, नाच-गाने और व्यावसायिक मनोरंजन कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से हेलीकॉप्टर दुर्घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हवाई सुरक्षा मानक सख्त करने की अपील की।
