एग्रीस्टैक योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, फार्मर रजिस्ट्री जल्द पूरी करने पर जोर

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में गुरुवार को एग्रीस्टैक योजना के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री, अंश निर्धारण और डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 3,88,734 खातेदारों के सापेक्ष 3,69,666 का अंश निर्धारण पूरा हो चुका है। शेष कार्य जल्द पूरा करने के लिए तहसीलदारों को निर्देशित किया गया। डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत कृषि विभाग को आवंटित 11,238 खसरा नंबरों में से 7,605 और उद्यान विभाग को आवंटित 2,367 खसरों में से 2,064 का सर्वे पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर लंबित सत्यापन और अनुमोदन शीघ्र पूरा करने को कहा। मुख्य कृषि अधिकारी को 1,72,105 लाभार्थियों का पंजीकरण जल्द पूरा कराने तथा उपजिलाधिकारियों को अंश निर्धारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्य कृषि अधिकारी और मुख्य उद्यान अधिकारी को डिजिटल क्रॉप सर्वे समयबद्ध पूरा कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। बैठक में उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी समेत कुछ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
