सीतापुर रेलवे फाटक बना जाम का जंजाल, अंडरपास की मांग पर कब जागेंगे जिम्मेदार?

हरिद्वार। ज्वालापुर के सीतापुर बाईपास रोड स्थित रेलवे फाटक पर लगने वाला जाम आमजन के लिए मुसीबत बन गया है। ट्रेनों की आवाजाही के कारण फाटक बार-बार बंद होने से खासकर शाम के समय वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फाटक बंद होते ही सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। जाम से निकलने की जल्दबाजी में कुछ लोग बंद फाटक पार करने का जोखिम उठाते हैं, जिससे गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है। रेलवे ट्रैक पर ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। स्थानीय निवासी लंबे समय से यहां अंडरपास निर्माण की मांग कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि अंडरपास बनने से यातायात सुचारु होगा और फाटक पर निर्भरता कम होगी। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। अब यह समस्या केवल असुविधा नहीं, बल्कि यातायात सुरक्षा का गंभीर मुद्दा बन चुकी है। संबंधित रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अंडरपास निर्माण की व्यवहार्यता का आकलन कर ठोस कदम उठाने चाहिए। सवाल यह है कि जिम्मेदार समय रहते समाधान करेंगे या किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी?
