राष्ट्रीय एकता दिवस पर चलाया जागरूकता अभियान

टिहरी। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कोतवाली कैंपटी पुलिस ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनबाग में विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान की जानकारी दी। साथ ही नशामुक्ति पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया।
वहीं, कोतवाली चंबा पुलिस ने मॉडर्न स्कूल एकेडमी में महिला सुरक्षा, गौरा शक्ति, साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के जोखिम तथा डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने युवाओं से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और नशामुक्ति को बढ़ावा देने की अपील की।
