खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों का किया निरीक्षण, लिए सैंपल

श्रीनगर गढ़वाल। आगामी त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को श्रीनगर में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पीसी जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि अंकित होने की जांच की गई। अधिकांश दुकानों पर निर्धारित प्रावधानों का पालन किया जा रहा था, जबकि कुछ प्रतिष्ठानों में कमी पाई गई। संबंधित दुकानदारों को मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए। विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों के लिए जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की गई। इसमें मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण, उचित तापमान पर रखरखाव और बिक्री से संबंधित नियमों की जानकारी दी गई। सहायक आयुक्त ने कहा कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। सभी कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करानी चाहिए। गोष्ठी में पान मसाला और गुटखा से संबंधित प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर व्यापार मंडल से छवि अग्रवाल और अमित पाल सहित बलबीर कंडारी, राकेश आहूजा, हर्ष अग्रवाल, रविन्द्र चौहान, पुनीत मित्तल और अन्य खाद्य व्यापारी उपस्थित रहे।
