50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दंपति सुरक्षित निकाला

टिहरी। टिहरी के चंबा क्षेत्र में सोमवार को कार करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। पुलिस ने फायर सर्विस और पीएसी की मदद से कार सवार दंपति को सुरक्षित निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, नई टिहरी रोड पर टीसीआर होटल के समीप वैगनआर कार सड़क किनारे बैरिकेडिंग से टकराने के बाद खाई में गिरकर पेड़ पर अटक गई। कार नई टिहरी से ऋषिकेश जा रही थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों की पहचान हरिश्चंद्र पैन्यूली और उनकी पत्नी मधु पैन्यूली निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। दोनों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
