प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों का जल्द बढ़ाया जाएगा मानदेय: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगर निगम, देहरादून में महर्षि बाल्मिकी प्रकटोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जल्द ही प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों के मानदेय को बढ़ाए जाने की बात कही, उन्होंने कहा इसके लिए यथाशीघ्र बैठक भी आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने अपने महाकाव्य रामायण से पूरे विश्व को भगवान श्रीराम के जीवन से परिचित कराया। महर्षि वाल्मीकि का जीवन हमें सिखाता है कि अच्छे विचारों और कर्मों से व्यक्ति, अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है। उन्होंने कहा वाल्मीकि जी के जीवन से संदेश मिलता है कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके ज्ञान, कर्म और समाज के प्रति उसके योगदान से होती है। उन्होंने कहा वाल्मीकि जी ने ऐसे समाज के निर्माण की प्रेरणा दी, जहां भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा रामायण में सत्य, धर्म, त्याग, कर्तव्य जैसे मानवीय मूल्यों का संदेश है।रामायण हमें धर्म के मार्ग पर चलने के साथ प्रेम, समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा का सम्मान करना भी सिखाती है। उन्होंने कहा रामायण ने हमें सिखाया है कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके विचारों, कर्मों और समर्पण से होती है। उन्होंने कहा सनातन संस्कृति ने हमेशा सम्मान करने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं समरसता बनाए रखने का संदेश दिया है। इस अवसर पर मेयर देहरादून सौरभ थपिलियाल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, अध्यक्ष महानगर भाजपा सिद्धार्थ अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, अशोक वर्मा, नगर आयुक्त आलोक पांडे, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

ऊखीमठ में धूमधाम से मनाई गई वाल्मीकि जयंती, निकाली भव्य शोभायात्रा
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। नगर पंचायत ऊखीमठ के पर्यावरण मित्रों ने सोमवार को वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई। नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना और हवन के बाद मुख्य बाजार में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पुजारी विश्व मोहन जमलोकी ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
शोभायात्रा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता और लव-कुश की लीलाओं का नृत्य के माध्यम से शानदार वर्णन किया गया। ढोल-नगाड़ों की धुन के साथ रैली गैस गोदाम से मुख्य बाजार होते हुए पुलिस चौकी तक पहुंची। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
वाल्मीकि समाज समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार भैरवाल ने बताया कि वर्ष 2017 से जयंती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सहयोग के लिए विधायक आशा नौटियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवाण, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सभासदों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण और प्रदेश मंत्री अमित मैखड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
ज्वालापुर में धूमधाम से मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती

हरिद्वार। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुग्गावाला ग्रंट में पूर्व जिला अध्यक्ष महिला सभा सुमन देवी के सौजन्य से महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी सोनम बागवाड़ी, सह-प्रभारी महंत शुभमगिरी और सपा नेता रविंदर चौधरी शामिल हुए।
सपा नेताओं ने ग्राम मनुबांस में पूर्व प्रधान लक्ष्मी नारायण के यहां आयोजित वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया। दोनों स्थानों पर नेताओं का स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, भाईचारे और समानता को मजबूत करने के साथ महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
