विधानसभा सत्र के लिए पुलिस की तैयारियां पूरी, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा रहेगी कड़ी


भराड़ीसैंण-चमोली। भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों और वैध पासधारकों को प्रवेश देने को कहा गया। बैरियरों पर तैनात पुलिस बल को जुलूस, धरना-प्रदर्शन और अप्रत्याशित परिस्थितियों के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने और आमजन से शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।


पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग कर समन्वय पर जोर दिया।
सत्र की सुरक्षा के लिए छह अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 54 प्रभारी निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, 43 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 52 अपर उपनिरीक्षक, 460 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 67 महिला आरक्षी, 26 यातायात पुलिसकर्मी और 153 सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त 120 होमगार्ड भी ड्यूटी करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और हॉक टीम के जवान भी शामिल रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!