पुलिस ने चार नशा तस्करों को किया गिरफ्तार, गांजा-स्मैक और शराब बरामद

देहरादून। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 102 ग्राम गांजा, 9.53 ग्राम स्मैक और 140 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी सीज की गई है।
बसंत विहार पुलिस ने मलिक चौक ट्रांसफार्मर के पास से रोहित छेत्री उर्फ गौतम उर्फ लावरे (27) को गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध चोरी, नकबजनी और एनडीपीएस एक्ट सहित 16 मुकदमे दर्ज हैं। सेलाकुई पुलिस ने सारना नदी पुल के पास से नफीस (28) को 9.53 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वह पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। कैंट पुलिस ने महेंद्र ग्राउंड के पास से प्रियांशु (26) को 50 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ पकड़ा। वहीं, ऋषिकेश पुलिस ने श्यामपुर क्षेत्र में रवि कुमार (19) को 90 टेट्रा पैक शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में तस्करी में प्रयुक्त वाहन सीज किए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के तहत कार्रवाई की गई है।
