एसपी ने कंसे अधीनस्थों के पेंच, 24 कर्मियों को मिला ‘मैन ऑफ द मंथ’ सम्मान


उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय की अध्यक्षता में पुलिस लाइन ज्ञानसू में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा की गई।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने, नियमित गश्त, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण तथा पटाखों की दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
एनडीपीएस मामलों की विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए सहायक निदेशक अभियोजन अरुण गौड़, डीजीसी प्रवीण तथा एडीजीसी अखिलेश भट्ट और पूनम ने विवेचकों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं, समन और वारंटों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित अपडेट करने के निर्देश दिए।
सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए गए। सितंबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस, अग्निशमन, होमगार्ड और पीआरडी के कुल 24 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर ‘मैन ऑफ द मंथ’ सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मेलन में जनपद के पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!