उत्तराखंड में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक पदों पर जल्द होगी भर्ती


देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 24 अक्टूबर को शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। जिन विद्यालयों में छात्र संख्या कम है और आवश्यकता से अधिक शिक्षक तैनात हैं, वहां से शिक्षकों का समायोजन छात्र संख्या अधिक होने तथा शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में किया जाए। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने भूमि पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को कहा।

ब्लॉक स्तर पर विद्यालयों में बनेंगे खेल मैदान

मंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में ब्लॉक स्तर पर एक विद्यालय में खेल मैदान विकसित किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग विद्यालय परिसर में भूमि उपलब्ध कराएगा और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ जल्द समझौता ज्ञापन किया जाएगा। इस संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!