कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण को प्राथमिकता


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात काम कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेला नियंत्रण भवन में समीक्षा बैठक के बाद मंडलायुक्त ने विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों पर मौजूद रहकर प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश दिए। बिटुमिन की आपूर्ति में देरी पर उन्होंने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अधिकारियों से वार्ता कर प्राथमिकता से आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

घाटों और सड़कों का काम जल्द पूरा करने पर जोर

मंडलायुक्त ने पंतद्वीप में उत्तर हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजना का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के पालन और गुणवत्ता जांच के लिए तीसरे पक्ष की निरीक्षण टीम की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बैरागी कैंप में शिविर स्थलों की सफाई, भूमि समतलीकरण, बिजली, पेयजल और सड़कों की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलापूर्ति टैंकों की सफाई और पानी की गुणवत्ता की प्रयोगशाला से जांच कराने को भी कहा। कनखल में सौंदर्यीकरण, झंडा चौक सुधार और बंगाली मोड़ पर फुटपाथ निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।


गंग नहर बंदी का समय उपयोग करने के निर्देश

सिंहद्वार से अमरापुर घाट तक निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गंग नहर बंदी की अवधि में घाटों का निर्माण और अनुरक्षण युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। मनसा देवी और चंडी देवी के पैदल मार्गों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की परियोजनाओं को भी कुंभ से पहले पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कुंभ-2027: हरिद्वार बाईपास के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेलाधिकारी सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को हरिद्वार बाईपास परियोजना के पैकेज-1 का स्थलीय निरीक्षण किया। बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को संसाधन और श्रमिक बढ़ाकर दिन-रात निर्माण कार्य करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करना प्राथमिकता है। कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कुंभ में दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की आवाजाही, प्रवेश-निकास मार्गों और यातायात प्रबंधन पर चर्चा हुई। मेलाधिकारी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से हरिद्वार को जोड़ने वाली स्पर परियोजना सहित अन्य राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को भी समय से पूरा करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!