मदर टेरेसा स्नेह सदन में 78 वृद्ध महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मदर टेरेसा स्नेह सदन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आधार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 78 वृद्ध महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां और सहायक उपकरण वितरित किए गए।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों तथा जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिलाओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सामान्य, मानसिक, हड्डियों, आंखों और दांतों से संबंधित जांच की। मोतियाबिंद से पीड़ित महिलाओं के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। जरूरतमंद महिलाओं को व्हीलचेयर, छड़ियां, बेडशीट और मेडिकल किट दी गईं। वहीं, 15 महिलाओं की आधार केवाईसी अद्यतन की गई। सचिव ने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी। शिविर में सुभारती अस्पताल के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग किया।
