दो साल से फरार 50 हजार का इनामी अभियुक्त हरियाणा से गिरफ्तार

देहरादून। नाबालिग युवती को भगाकर ले जाने के मामले में दो साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को दून पुलिस ने पंचकूला, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से नाबालिग युवती को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 5 मई 2024 को राजपुर थाने में नाबालिग की मां ने पुत्री को जबरन घर से ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान बिजनौर निवासी विनय (21) का नाम सामने आया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। फरार रहने पर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राजपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर 22 अक्टूबर 2026 को पिंजौर, पंचकूला से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। नाबालिग से पूछताछ के आधार पर मुकदमे में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। कार्रवाई में राजपुर थाना पुलिस और एसओजी ग्रामीण की टीम शामिल रही।
