पौड़ी में 24वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ


पौड़ी। कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। 22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले होंगे। विधायक ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। इसके बाद अतिथियों ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। जीआईसी पौड़ी और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की क्षमता विकसित करते हैं। सीडीओ अशोक जोशी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राज्य किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, अपर शिक्षा निदेशक प्रमेंद्र सिंह बिष्ट, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी, शिक्षक और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!