पीएचसी शक्तिफार्म सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उच्चीकृत: डॉ. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। ऊधमसिंह नगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए राज्य सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शक्तिफार्म को उच्चीकृत कर 30 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बना दिया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि आईपीएचएस मानकों के अनुरूप सीएचसी के संचालन हेतु विशेषज्ञ चिकित्सक, चिकित्साधिकारी, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ तथा प्रशासनिक संवर्ग सहित कुल 32 नए पद सृजित किए गए हैं, जिनमें 20 नियमित और 12 आउटसोर्स पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नवसृजित पदों में चिकित्सा अधीक्षक, पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट, जनरल सर्जन, फिजिशियन, स्त्रीरोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक और दंत शल्यक के पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पैरामेडिकल संवर्ग में 8, प्रशासनिक संवर्ग में 3 पद तथा आवश्यक आउटसोर्स पद स्वीकृत किए गए हैं। डॉ. रावत ने कहा कि उच्चीकृत इकाई में आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध कराने और अवसंरचनात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। शक्तिफार्म में सीएचसी स्थापित होने से स्थानीय लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा महंगे निजी उपचार पर निर्भरता कम होगी।
