25 साल पुराने हिमगिरी प्लांटेशन ठगी मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि अपराध कितना भी पुराना क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बचना संभव नहीं है। वर्ष 2001 से फरार चल रहे हिमगिरी प्लांटेशन ठगी मामले में 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी रविन्द्र मोहन को पुलिस ने करीब 25 वर्ष बाद गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला वर्ष 2001 में थाना गोपेश्वर में दर्ज हुआ था, जिसमें कालीमठ निवासी शिव प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार रविन्द्र मोहन और उसके भाई राकेश मोहन ने वर्ष 1993 में हिमगिरी प्लांटेशन नामक कंपनी बनाकर लोगों को कम समय में धन दोगुना करने का लालच देकर निवेश कराया और बाद में लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को फरार घोषित करते हुए स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चमोली पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अभिलेखों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। सूचना मिलने पर 15 दिसंबर 2025 को फाटा क्षेत्र से रविन्द्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं और उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
