योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों का करें शीघ्र निस्तारण

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकास भवन सभागार में सोमवार को बैंकर्स की जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति (डीएलआरसी/डीसीसी) की बैठक मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने बैंकर्स को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों व बैंक शाखा प्रबंधकों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा तथा अपूर्ण दस्तावेजों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एनआरएलएम के अंतर्गत वार्षिक लक्ष्यों की प्रगति तेज करने, ग्रामीण क्षेत्रों में ऋण योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और किसान क्रेडिट कार्ड के लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में नाबार्ड व आरसेटी की गतिविधियों की समीक्षा की गई। आरसेटी निदेशक ने बताया कि 263 महिलाओं को विभिन्न स्वरोजगार प्रशिक्षण देकर कार्य प्रारंभ कराया गया है। बैठक में विभिन्न विभागों व बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
