वन्यजीवों का खतरा: संवेदनशील 20 विद्यालयों में शुरू हुई एस्कॉर्ट व्यवस्था


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। वन्य जीवों की बढ़ती सक्रियता और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए जनपद के 20 संवेदनशील विद्यालयों में एस्कॉर्ट व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसके तहत ग्राम प्रहरियों को तैनात कर बच्चों को घर से विद्यालय तक सुरक्षित पहुंचाने और विद्यालय से वापस घर लाने की व्यवस्था की गई है।
हाल ही में जिलाधिकारी ने विकासखंड स्तर के शिक्षाधिकारियों के साथ बैठक कर बच्चों की सुरक्षा को लेकर एस्कॉर्ट व्यवस्था की समीक्षा की थी और संवेदनशील विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। वन विभाग द्वारा चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों के आधार पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने खिर्सू, कल्जीखाल, पौड़ी, कोट, बीरोंखाल, जयहरीखाल, द्वारीखाल और पोखड़ा विकासखंडों के 20 विद्यालयों के लिए सुरक्षा एस्कॉर्ट की मांग की थी। जिलाधिकारी द्वारा त्वरित निर्णय लेते हुए ग्राम प्रहरियों की तैनाती कर दी गई है। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्राम प्रहरी और वन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!