सम्मान समारोह में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में 27वां बाल प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में ग्रामीण क्षेत्र के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षा, पत्रकारिता एवं समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं और पत्रकारों को आदर्श उत्कृष्ट शिक्षक शिरोमणि एवं आदर्श उत्कृष्ट पत्रकारिता शिरोमणि सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ओएनजीसी के पूर्व महाप्रबंधक डी.एस. भंडारी ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक हैं। विशिष्ट अतिथि उत्तराखण्ड लोकायुक्त के पूर्व अपर सचिव जीवन चंद्र उप्रेती ने नशा उन्मूलन को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अखिलेश चन्द्र चमोला ने नशा मुक्त, खुशहाल उत्तराखण्ड का संकल्प दिलाते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन डॉ. राकेश मोहन कण्डारी ने किया। इस अवसर पर अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
