पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध: मनसुख मांडविया

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मामलों के केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पौड़ी जनपद के कंडोलिया मैदान में सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने का आह्वान करते हुए पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
केंद्रीय मंत्री के आगमन पर सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने मांगलिक गीतों से स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ महोत्सव का विधिवत उद्घाटन हुआ तथा सांसद खेल महोत्सव की टी-शर्ट व ट्रैकसूट का विमोचन किया गया। डॉ. मांडविया ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी मंच प्रदान करेगा तथा यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने बताया कि जोशीमठ में 8 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण कराया जा रहा है। सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी ने पौड़ी को हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग के लिए आदर्श बताते हुए क्षेत्र को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की मांग रखी। सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह महोत्सव युवाओं के लिए स्वर्णिम अवसर है। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री व सांसदों ने खिलाड़ियों से भेंट कर स्वयं खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
