पौड़ी में खेल प्रतिभाओं को संवारने की पहल, सुविधाएं होंगी सुदृढ़

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष प्रधान सचिव अमित कुमार सिन्हा ने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के साथ रांसी खेल मैदान एवं कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास, बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस हॉल, जिम, हॉस्टल व किचन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए खिलाड़ियों के हित में आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए।
विशेष प्रधान सचिव ने रांसी स्टेडियम परिसर में हॉस्टल और इंडोर स्टेडियम के बीच सोलर लाइट लगाने तथा जिम के लिए शीघ्र प्रशिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए, जिससे खिलाड़ियों को सुरक्षित वातावरण और वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिल सके। कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में उन्होंने बैडमिंटन कोर्ट की गुणवत्ता सुधारने और सुविधाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप विकसित करने पर ज़ोर दिया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने छात्रावास की विद्युत लाइनों को व्यवस्थित करने और जनरेटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
