भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई हर नागरिक का कर्तव्य

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस पर मास्टरमाइंड पब्लिक स्कूल में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में सिविल जज कुमारी अलका ने भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। संरक्षक अनूप पांथरी ने पारदर्शिता और जनजागरूकता की महत्ता बताई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि भ्रष्टाचार विकास को रोकता है, इसलिए इसके खिलाफ लड़ाई हर नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और पीएलवी सदस्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लघु वीडियो के माध्यम से किया जागरूक
पौड़ी। अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर सभागार में आयोजित जागरूकता शिविर में नालसा थीम एक मुट्ठी आसमान के अंतर्गत भ्रष्टाचार एवं लोकपाल से संबंधित लघु वीडियो प्रदर्शित की गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने भ्रष्टाचार के प्रकार, दुष्परिणाम, तथा लोकपाल एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, लोकपाल एवं लोकायुक्त अधिनियम 2013 सहित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
