श्रीनगर को मिली 113 करोड़ की सौगात, मंत्री ने जाना घायलों का हाल

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान विधानसभा क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण विकासकार्य की सौगात दी। मल्ली स्योंली सड़क दुर्घटना में घायलों का हालचाल लेने पहुँचे डॉ. रावत ने श्रीकोट बेस अस्पताल में चिकित्सकों को निर्देश दिए कि किसी भी घायल को उपचार में दिक्कत न हो तथा जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
फरसू में 90 लाख की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास कर उन्होंने कहा कि योजना पूरी होने पर खेत फिर से हरे-भरे होंगे और पलायन में कमी आएगी। चमधार-हनुमान मंदिर क्षेत्र के ट्रीटमेंट प्लांट के लिए स्वीकृत 90 करोड़ की जानकारी देकर उन्होंने बताया कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। स्वीत में रेलवे परियोजना से प्रभावित 181 लोगों को 1 करोड़ 40 लाख 83 हजार 691 रुपये के मुआवजे के चेक वितरित किए गए। उन्होंने घोषणा की कि श्रीनगर में 100 करोड़ से 24 घंटे जलापूर्ति और 250 करोड़ से सिवरेज कार्य होंगे।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को 35 नए डॉक्टर मिलेंगे, साथ ही अस्पताल में 4.31 करोड़ की लागत से बने आवासीय भवनों का लोकार्पण भी किया। एक सप्ताह में सात किलोमीटर के दायरे में 113 करोड़ की स्वीकृतियाँ क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
