बाबा साहेब ने जगाई शिक्षा, समानता और स्वाभिमान की अलग: मुख्यमंत्री

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्य तिथि पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने जीवन पर्यंत शिक्षा, समानता और स्वाभिमान की अलख जगाई। उन्हीं के मार्ग का अनुसरण करते हुए उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर, सामाजिक समरसता और न्याय के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है।

बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि
लक्सर। डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ (भारत) यूनिट लक्सर द्वारा शनिवार को तहसील परिसर में बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। संगोष्ठी में अधिवक्ता पदम कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक समानता और शिक्षा के माध्यम से वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ा। वरिष्ठ अधिवक्ता नाहिद खान ने उनके संघर्षों को प्रेरणास्पद बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता मुकेश कुमार व पूर्व बार अध्यक्ष विकास पवार ने संविधान मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।

बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
हरिद्वार। ग्राम सुसाड़ी खुर्द में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर निर्वाण दिवस पर राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान निर्माण व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। दिवस का उद्देश्य युवाओं में शिक्षा एवं जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर समाज को मजबूत बनाने की अपील की।
