सर्किल बार में आग की घटना पर डीएम सख्त, बार लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित


देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने राजपुर रोड स्थित सर्किल बार में हुई आगजनी की घटना को गंभीरता से लेते हुए बार का लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया है। आगजनी की घटना के समय बार में लगभग 40-50 लोग मौजूद थे। घटना के दौरान दो बार मैन जगलिंग एंड फायर शो का प्रदर्शन कर रहे थे, जिसमें दो बार मैन झुलस गए। हॉल की सीलिंग में लकड़ी और टहनियों का प्रयोग होने के कारण आग बड़े रूप में फैल सकती थी।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर एवं प्रभारी आबकारी अधिकारी हरी गिरी के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम गठित कर घटना की विस्तार से जांच कराई। जांच में बार के सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और आयोजकों की घोर लापरवाही सामने आई। बार अनुज्ञापन में दिए गए नियमों का उल्लंघन कर बार मैनों को उनके प्रयोजन से अलग कार्य हेतु लगाया गया, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वाेपरि है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी तथ्यों के आधार पर आबकारी अधिनियम की धारा 34 (बी) एवं (ई) के तहत बार का लाइसेंस 15 दिन के लिए निलंबित किया गया है। प्रशासन इस घटना में शामिल जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!