वार्षिकोत्सव में एसपी चमोली ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, जयकंडी कर्णप्रयाग में 25 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा के उपलक्ष्य में रजत जयंती वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के बाद छात्रों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्यों और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया।
एसपी चमोली ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि विद्यालय ने बीते 25 वर्षों में क्षेत्र को शिक्षित और संस्कारित पीढ़ियाँ दी हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूक प्रहरी बनने का आह्वान किया। विद्यालय प्रशासन ने मुख्य अतिथि को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
