सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सहकारिता मेले की हुई शुरुआत


गोपेश्वर/चमोली। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर जिला प्रशासन, सहकारिता विभाग और चमोली जिला सहकारी बैंक द्वारा आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ सोमवार को पुलिस मैदान गोपेश्वर में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर की। मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश भी प्रसारित किया गया।
राज्य के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि सहकारिता मेलों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य के छह स्थानों पर आयोजित मेलों से एक लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिला है। सहकारिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने उत्साहजनक बताया।
मेले में चमोली जिला सहकारी बैंक द्वारा मुर्गी पालन, कृषि और दुग्ध व्यवसाय हेतु 19 लाभार्थियों को 21 लाख रुपये के ऋण चेक वितरित किए गए। साथ ही ’भारत दर्शन ऋण योजना’ और ’मातृशक्ति सशक्तिकरण ऋण योजना’ का शुभारंभ भी किया गया। मेले में 22 विभागों और 15 स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें सरकारी योजनाओं व स्थानीय उत्पादों की जानकारी एवं बिक्री की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!