भटवाड़ी क्षेत्र में भालू का आतंक जारी, महिला सहित गौवंश पर हमला

उत्तरकाशी। सीमांत विकासखंड भटवाड़ी में भालू का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पिछले दिनों जहां एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर उसे घायल कर दिया, वहीं गौशाला में बंधी एक गाय को भालू ने मार डाला और दो अन्य मवेशियों को भी गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नटिण के पलारी नामे तोक में भरत देई पत्नी राजेन्द्र सिंह पर भालू ने हमला किया, जिससे वह घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी में उपचार दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम क्यार्क, केफरा तोक में भालू ने छान तोड़कर अंदर बंधी राजेन्द्र सिंह की गाय को मार डाला। साथ ही विजयपाल सिंह और राजेंद्र सिंह की एक-एक बैल को भी घायल कर दिया। मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
