देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं ने दिखाई गहरी रुचि


देहरादून/गोवा। गोवा में आयोजित 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तहत आयोजित वेव्स फिल्म बाज़ार-2025 में उत्तराखंड पवेलियन सभी फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस आयोजन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि राज्य द्वारा सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया गया।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड पवेलियन में देश-विदेश से आए फिल्म निर्माता और निर्देशकों ने राज्य की फिल्म नीति, सुविधाओं और सरकारी सहयोग के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बंगाली, तमिल, मलयालम, गुजराती और मराठी भाषा के फिल्म निर्माताओं के साथ-साथ कई विदेशी फिल्म निर्माण संस्थानों ने भी उत्तराखंड में शूटिंग करने में गहरी रुचि दिखाई। राज्य सरकार की फिल्म नीति की व्यापक रूप से सराहना की गई। फिल्म बाज़ार में आगामी वर्ष 2026 में होने वाली विश्व प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा के बारे में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई, जिस पर कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं ने डॉक्यूमेंट्री और विशेष फिल्में बनाने में रुचि जताई।
ऑस्ट्रेलिया की फिल्म निर्माता सुवीं ग्राहम ने फरवरी 2026 में उत्तराखंड आकर लोकेशन देखने की इच्छा जताई। इसके साथ ही फिल्म आर्ट-हांगकांग, फिनलैंड वीगा, रूस, स्टेट सिनेमा सेंटर-किर्गिस्तान, जेट्रो-जापान, न्यूज़ीलैंड फिल्म आयोग और ज़ीरो ग्रेविटी पिक्चर्स के प्रतिनिधियों ने भी पवेलियन का दौरा कर फिल्म नीति की जानकारी ली।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता और बॉम्बे बर्लिन फिल्म प्रोडक्शन्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरफ़ी लांबा ने भी उत्तराखंड की फिल्म नीति की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि वे विदेशी फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में लाने का प्रयास करेंगे। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक (फिल्म्स) राजेश कुमार शर्मा और उनकी टीम ने भी पवेलियन का भ्रमण कर राज्य की फिल्म नीति को सराहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!